इस्राईल, सीरिया सरकार के विरोधियों को शस्त्रों की आपूर्ति कर रहा है।
कुछ ऐसे ताज़ा प्रमाण सामने आए हैं जिनसे पता चलता है कि इस्राईल, सीरिया सरकार के विरोधियों को शस्त्रों की आपूर्ति कर रहा है। लेबनानी समाचारपत्र अलअख़बार के अनुसार बश्शार असद के विरोधियों को इस्राईल द्वारा शस्त्रों की आपूर्ति की बात उन हैकरों के माध्यम से पता चली जिन्होंने इस्राईल के सैन्य विभाग की कुछ सुरक्षा जानकारियां हैक की हैं। इन जानकारियों से पता चला है कि सीरिया में सक्रिय बश्शार असद विरोधी आतंकवादियों तक हथियार पहुंचाने के लिए इस्राईल ने कुछ लेबनानी और सीरियन एजेन्टों की सेवाएं लीं।
कुछ समय पहले इस्राईल रेडियो ने सीरिया में सक्रिय आतंकवादियों के लिए शस्त्र पहुंचाने के बारे में तेलअवीव और रेयाज़ के बीच गोपनीय समझौते की सूचना दी थी। इसके आधार पर तेलअवीव और रेयाज़ के बीच सहमति बनी थी कि सऊदी अरब, इस्राईल से शस्त्र ख़रीदेगा जिसे इस्राईल, सीरिया में आतंकवादियों तक पहुंचवाएगा। इस्राईल रेडियो के अनुसार तुर्की और जार्डन ने इस बात की हामी भरी है कि शस्त्रों को उनके देश के माध्यम से सीरिया भेजा जा सकता है।